गोदाम पर छापा, चार क्विंटल बेसन सीज
- खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का बढ़नी और इटवा में दुकानों पर छापा
- होली के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चला अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। होली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन का अभियान जारी है। मंगलवार को विभाग की टीम ने चार दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। एक गोदाम से चार क्विंटल बेसन सीज किया गया। नमूनों को जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है।
मंगलवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर छापे की कार्रवाई हुई। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कई नमूने लिए गए। सबसे बड़ी कार्रवाई बढ़नी रोड स्थित भरौली स्थित सुरेश केडिया के सिद्धार्थ लघु उद्योग के गोदाम पर हुई। यहां से चार क्विंटल बेसन सीज किया गया। इसके अलावा बढ़नी बाजार से केश कुंज से पनीर, श्याम सुुंदर के यहां से खोआ, इटवा बाजार के अशफाक किराना स्टोर से नमकीन का नमूूना एकत्र किया गया। टीम में अभिहित अधिकारी जीके दुबे, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश्वर प्रसाद, प्रतिमा उपाध्याय, विजय कुमार यादव शामिल रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि संग्रहित नमूनों को जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है।