बर्डपुर। कपिलवस्तु के पत्रकार ध्रुव कुमार यादव को फर्जी तरीके से गिरफ्तार कर जेल भेजने का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा। बर्डपुर पुलिस बूथ के पास क्षेत्रीय पत्रकारों व स्थानीय लोगों ने एसएसबी का पुतला फूंका। साथ ही जमकर नारेबाजी की। गृहमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अवधेश कुमार राय को साैंपते हुए चेतावनी दी कि अगर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी एसएसबी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि ध्रुव यादव की फर्जी गिरफ्तारी से सीमाई क्षेत्र के लोगों में भय बना हुआ है।
जब लोगों की आवाज उठाने वाले पत्रकार को ऐसे मुकदमों में फंसाया जा रहा है तो आम जन का क्या हाल होगा। मामले में जिला प्रशासन की चुप्पी पर भी आक्रोश जताया गया। कहा कि इस घटना के सैकड़ों प्रत्यक्षदर्शी हैं, बावजूद पुलिस-प्रशासन का सुस्त रुख एसएसबी को शह प्रदान कर रहा है। मामले में जिला प्रशासन शीघ्र सार्थक कदम नहीं उठाता तो पूरे जिले के पत्रकारों के साथ बर्डपुर के लोग सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन व पुतला दहन में सिद्धार्थनगर प्रेस क्लब पूर्व उपाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, अनूप श्रीवास्तव, रोहित यादव, सुशील मिश्र, प्रेम कौशल, वीरेंद्र मिश्र, नितेश पांडेय, परवेज अहमद, संदीप जायसवाल, धर्मबीर गुप्ता, मो.शाहिद, विजय श्रीवास्तव, हरीश चौधरी, सुनील यादव, कंचन वर्मा, संदीप मोदनवाल, दिनेश चौरसिया, डीके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।