सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु महोत्सव में बंगाली और राजस्थानी नृत्य की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। वहीं, विद्यार्थियों का समूह मंच से सामाजिक व सामयिक मुद्दों को लेकर अपनी प्रस्तुति देंगे। शनिवार को कपिलवस्तु महोत्सव की स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने ट्रॉयल देकर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया।
कपिलवस्तु महोत्सव में जहां स्कूली छात्र छात्राएं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। वहीं, कमेटी ने बच्चों के प्रदर्शन को बारीकी से देखा व वीडियोग्राफी कराई। कपिलवस्तु महोत्सव में छात्र-छात्राओं द्वारा स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य डीआईओएस डॉ. राजबहादुर मौर्या व प्रधानाचार्य जीजीआईसी बांसी जया मिश्रा के समक्ष कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। शिवपति इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत के साथ कपिलवस्तु गीत प्रस्तुत किया।
सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल मसिना की छात्राओं ने पश्चिम बंगाल का पारंपरिक देवी नृत्य प्रस्तुत किया। सिहेंश्वरी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राजस्थान के लोक नृत्य को पेश किया। सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल थरौली के बच्चों ने आतंकवाद पर आधारित नृत्य श्रृंखला प्रस्तुत किया। छात्रों ने शिव तांडव नृत्य किया। नन्हीं बच्चियों ने सामूहिक क्लासिकल डांस किया। भ्रूण हत्या पर आधारित सामाजिक समस्या पर आधरित नृत्य प्रस्तुत किया। रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज, शिवपति इंटर कॉलेज, जय किसान इंटर कॉलेज सनई की छात्राओं ने एकल गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रधानाचार्य सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज डॉ. नीरज श्रीवास्तव, सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल डॉ. कामाख्या सिंह, हेमंत उपाध्याय, रेनू पांडेय, निकहत आदि मौजूद रहे।