बिस्कोहर-बलरामपुर सीमा पर अनियंत्रित होकर पलटी ट्रक। संवाद
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिस्कोहर-बलरामपुर सीमा पर बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बीयर की पेटियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर नगर पंचायत बिस्कोहर के भव्य प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गेट का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक बाल-बाल बच गया और मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, एक ट्रक में करीब 1400 पेटी बीयर लोड थी। यह खेप अलीगढ़ से महराजगंज ले जाई जा रही थी। ट्रक चालक नाजिम निवासी ग्राम मुजहा, थाना मझिला, जनपद हरदोई ने बताया कि तड़के अचानक झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सीधे नगर पंचायत के गेट से टकराते हुए पलट गया। घटना की जानकारी मिलते ही बिस्कोहर चौकी प्रभारी अमित कुमार शाही पुलिस बल के साथ तुरंत पहुंचे गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को हटाया। हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है और न ही कोई घायल हुआ है।