सदर बीडीओ से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस हवा में हाथ पैर मार रही है। फोन करने वाले का मूल मकसद क्या है, इसका जवाब पुलिस खोजने में जुटी है।
मोबाइल की लोकेशन फैजाबाद जनपद में मिलने के बाद जांच में जुटी पुलिस टीम की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस इसको ठेकेदारी के रार से भी जोड़ कर तफ्तीश कर रही है।
फिलहाल पुलिस के हाथ बंधे हैं क्योंकि बीडीओ ने लिखित शिकायत नहीं किया है। अधिकारियों के अनुमोदन के बाद बीडीओ के इर्द-गिर्द सुरक्षा के घेरा बनाया गया है।
रंगदारी मांगने की घटना 14 नवंबर की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बीडीओ केडी गोस्वामी को फोन पर धमकी मिलने की बात को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
पुलिस के युवा अधिकारी के साथ ऐसी गुत्थी को खोलने वाले विशेषज्ञ दरोगा की भी मदद ली जा रही है। पहले चरण में टीम ने कॉल करने वाले की लोकेशन को खंगाल लिया। मोबाइल की लोकेशन फैजाबाद जनपद में मिलने के बाद पुलिस टीम की गुत्थी सुलझने का नाम नहीं ले रही।
वहां से बीडीओ का क्या कनेक्शन रहा है, अब इस पर भी काम किया जा रहा है। टीम ने फैजाबाद जनपद पुलिस से संपर्क करने के बाद छुटभैया से लेकर ऐसे कांड करने में माहिर रंगबाजों की कुंडली मांगा है। रंगदारी वसूलने वाले ने धमकी देने के बाद से फोन व सिम दोनों को बंद कर दिया। अब पुलिस को नए सिरे से जांच करनी पड़ रही है।