शोहरतगढ़। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शहरी नगर विकास योजना में चयनित आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ में सोमवार को नगरपंचायत अध्यक्ष बबिता कसौधन ने पांच करोड़ की लागत से होने वाले शहीद बुधई स्मारक सुंदरीकरण कार्य, आंबेडकरनगर, सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में वाटर प्लांट की स्थापना सहित अन्य कार्यों का शिलान्यास किया। मौके पर सांसद जगदंबिका पाल सहित विधायक चौधरी अमर सिंह मौजूद रहे।
सांसद ने कहा कि पीएम मोदी ने आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम किया है। सांसद ने आम जनता से राष्ट्र की मजबूती को लेकर पीएम मोदी को दोबारा सत्ता में पूर्ण बहुमत से सरकार में लाने की अपील की। कार्यक्रम में विधायक चौधरी अमर सिंह ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार को जीत दिलाने की अपील लोगों से की। नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता कसौधन ने बताया कि शहीद बुधई स्मारक से लेकर गोलघर तक एवं प्रेम गली से किशोरी लाल के घर तक जेब्रा इंटरलॉकिंग, नाली व सुंदरीकरण कार्य, मेनरोड से नगर पंचायत कार्यालय होते हुए राजस्थान अतिथि भवन के सामने जेब्रा इंटरलाकिंग एवं नाली निर्माण कार्य की परियोजनाएं जल्द ही पूरी होंगी। इससे नगर का विकास होगा। कार्यक्रम में भाजपा नेता योगेंद्र प्रताप सिंह, नवर्देश्वर मणि, कौशलेंद्र त्रिपाठी, चतुर्भुजी पांडेय ने भी संबोधित किया। संचालन हियुवा देवी पाटन मंडल प्रभारी सुभाष गुप्ता ने किया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय परसरामका, अशोक बोरा, सुनील अग्रहरि, सभासद संजीव जायसवाल, मनोज गुप्ता, डॉ. राजकुमार गुप्ता, रवि अग्रवाल, सौरभ गुप्ता, शिवंचद्र भारती, लवकुश सैनी, रामदास मौर्या, लिपिक जगदंबिका प्रसाद त्रिपाठी, कंप्यूटर आपरेटर श्याम सुंदर, कमलेश गुप्ता, मनोज तिवारी आदि मौजूद रहे।