बिजली रहे न रहे, नगर अब अंधेरे में नहीं डूबेगा। नगर के चौराहों-तिराहों पर रात्रि प्रकाश के लिए सोलर हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था हो गई है।
सोमवार देर शाम नगर पालिका चेयरमैन चमन आरा राईनी ने साईंनाथ मंदिर व टेकधर मंदिर के समीप सोलर हाईमास्ट लाइट का उद्घाटन किया। फीता काटकर बटन दबाते ही पूरा नगर दूधिया रोशनी में जगमगा उठा।
इस दौरान उन्होंने नगर के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कहा कि विभिन्न बिंदुओं व योजनाओं पर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि नगर का विकास योजनाबद्ध तरीके से किया जा सके।
उपस्थित जनमानस से उन्होंने सुझाव भी मांगा। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मो. इद्रीश राईनी पटवारी ने बताया कि बड़े सोलर हाईमास्ट नेहरूनगर वार्ड में महाकाली मां के स्थान पर, महरवाजोत, झीनक के घर के सामने तिराहे पर, अंबेडकरनगर वार्ड में विश्राम के घर के सामने तिराहे पर, गांधीनगर वार्ड स्थित कब्रिस्तान में, बेलबनवा में दुखीलाल के घर के सामने तिराहे पर, ईशानगर में धोबी तिराहे पर, निरालानगर के बिंद मोहल्ला, आर्यनगर व पंतनगर के मध्य खूनीपुर तिराहे पर, बालेमियां मैदान में, आजादनगर बाल विकास परियोजना के सामने तिराहे पर, माघ मेला परिसर, ईदगाह बांसी, पथरा रोड पर भी लगाया जाएगा। इससे नगर वासियों को अंधेरे से निजात मिलेगी।