विद्यार्थियों के उत्साह के आगे फीकी पड़ी धूप, प्रभातफेरी निकाल लोगों को किया जागरूक
सिद्धार्थनगर। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को कड़ी धूप में भी छात्र-छात्राओं एवं अन्य संगठनों के लोगों ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथ में तिरंगा आते ही विद्यार्थी इस कदर उत्साहित हो गए कि धूप का असर छूमंतर हो गया। विद्यार्थियोें ने लोगों से हर घर तिरंगा कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
धेंसा क्षेत्र में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत बृहस्पतिवार को हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर, सनई के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली और लोगों को जागरूक किया। प्रधानाचार्य नवीउल्लाह खान, शिक्षक सच्चिदानंद शुक्ल, अंजनी कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।
बुद्ध विद्यापीठ इंटर कॉलेज बर्डपुर की छात्राओं ने जागरुकता रैली निकाली। छात्राएं भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगा रही थीं। लोगों से घर पर तिरंगा लगाने की अपील की। प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्र ने लोगों को अपने घर पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। रविंद्र कुमार उपाध्याय, शिवकरन, रामबचन राम, राम पुकार यादव, यशवंत कुमार, वीरेंद्र कुमार, रूपेश कुमार आदि मौजूद रहे।
बिस्कोहर प्रतिनिधि के अनुसार, नगर पंचायत बिस्कोहर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने हर घर पर तिरंगा फहराने व लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली। सहायक अध्यापक अंजली गुप्ता की अगुवाई में रैली विद्यालय से शुरू होकर मुख्य कस्बा होते हुए राम जानकी पुरम मोहल्ला पहुंची।
प्रधानाध्यापक उमाकांत गुप्ता ने कहा कि अमृत महोत्सव का कार्यक्रम 11 से 17 अगस्त तक मनाया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन विद्यालय के बच्चे प्रभातफेरी निकालेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। विशेष भोज का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं श्रीमती प्रभावती देवी कन्या इंटर कॉलेज कठौतिया रामनाथ व राम प्रसाद शिक्षण संस्थान बिस्कोहर की छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली।
प्रधानाचार्य दिलीप कुमार चौधरी की अगुवाई में भारत माता की जय व जय जवान-जय किसान के नारे लगाते हुए रैली में शामिल छात्राओं ने नगर पंचायत के बस अड्डा से पश्चिम मोहल्ला, कसेरा मोहल्ला, शाह मोहल्ला व मुख्य कस्बे में लोगों को हर घर पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत बिस्कोहर के प्रभारी ईओ विंध्याचल और लिपिक सुधीर कुमार रावत ने कस्बे में तिरंगा वितरित किया। इस दौरान विद्या प्रकाश मौर्या, मोनू गुप्ता के साथ नगर के सभी सफाईकर्मी मौजूद रहे। जोगिया विकास क्षेत्र में प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रभुदयाल यादव के नेतृत्व में हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए जागरुकता बाइक रैली निकाली गई।
बाइक रैली में प्रतिभाग कर रहे सचिव प्रदीप सिंह ने कहा कि तिरंगा, सभी के दिलों में बसना चाहिए चाहे वह किसी भी धर्म का हो। इस दौरान कृष्ण कुमार, गनेश, सोमनाथ, बेलास, अब्दुल्ला, विशाल, शशांक, महेश, रमेश आदि मौजूद रहे। पूर्व विधायक कमला साहनी ने क्षेत्र के उदयपुर, केवटलिया, ककरही आदि गांवों में झंडा वितरण कर लोगों से अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की। इस दौरान बिसुनकुश साहनी, बृजेश द्विवेदी, शंकर साहनी आदि मौजूद रहे।
भनवापुर विकास क्षेत्र में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। कंपोजिट विद्यालय भरवठिया बाजार में जोहरा फातिमा मलिक की अगुवाई में रैली निकाली गई। प्राथमिक विद्यालय सेमरा बनकसिया के बच्चों ने ग्राम प्रधान बृजनंदन शुक्ला और प्रधानाध्यापक करुण शंकर मिश्र की अगुवाई में बच्चों रैली निकाली।
इसी क्रम में भनवापुर ब्लाक क्षेत्र के महतिनियां खुर्द गांव में बीडीओ धनंजय सिंह और प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष लालजी शुक्ला के नेतृत्व में कंपोजिट विद्यालय के बच्चों ने गांव में घूम कर लोगों से घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की। इस मौके पर विवेक कुशवाहा, आकाश शुक्ला, अनिल यादव, राजा शुक्ला, रमन, दुर्गा, विशाल आदि मौजूद रहे।
लोगों ने घर पर लगाया तिरंगा
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर लोगों में उत्साह है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने अपने अपने घर के ऊपर तिरंगा लगा दिया है। तिरंगा लगाने के लिए सर्वाधिक उत्सुक बच्चे हैं। जबकि ज्यादातर घरों पर बड़े आकार के झंडे लगाए गए हैं।