बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया
एसएसबी 50वीं वाहिनी की ओर से कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। एसएसबी 50वीं वाहिनी की ओर से बृहस्पतिवार को पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सामाजिक जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें रंगारंग प्रस्तुतियों से स्कूली बच्चों ने समां बांधी। एसएसबी ने स्वच्छता, बेटी बचाओ, नशा मुक्ति, बाल विवाह जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया।
मुख्य अतिथि उप सेनानायक विक्रमाजीत सिंह कहा कि सीमा की सुरक्षा के साथ ही एसएसबी बेहतर समाज निर्माण के लिए भी सजग है। एसएसबी देश का एकमात्र ऐसा अर्धसैनिक बल है जो ऐसे रचनात्मक कार्यों में शामिल हो रहा है। उप सेनानायक अगम दयाल ने कहा कि कार्यक्रम का मकसद कोविड-19 के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित करना है। इस दौरान मरीजों और पशुओं को निशुल्क दवा वितरित किया गया। कार्यक्रम में जीएवी इंटर कॉलेज बढ़नी, अमर बाल विद्या मंदिर और पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शुक्लागंज के छात्र-छात्राएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में एसएसबी के जवानों और बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, दहेज गीत, अंग्रेजी गीत, राजस्थानी गीत व नाटक समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान एसएसबी के उप सेनानायक टीएस बसंता, उप कमांडेंट जोध सिंह, सहायक उप कमांडेंट मेडिकल तसनीम खान, अवनीश कुमार, मयंक शुक्ल, वरुण कुमार, आशाराम यादव, धनंजय पाठक, दीपेंद्र सिंह, सुमेरु गिरी, विश्वनाथ यादव आदि मौजूद रहे।
वालीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन
वालीबॉल में औदही कलां ने मदरहिया को 2.1 से पराजित किया। बालकों की 100 मीटर की दौड़ में जीएवी इंटर कॉलेज के आकाश ने पहला और प. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के महेंद्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बालिकाओं की 100 मीटर की दौड़ में पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छाया को पहला और रीतू को दूसरा स्थान मिला।