सिद्धार्थनगर/तुलसियापुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयों में पारदर्शिता और नियमित निगरानी के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब जिले के सभी सहायता प्राप्त, राजकीय और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के साथ छात्र-छात्राओं की भी ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है।
एक ही पोर्टल पर बच्चों और शिक्षक व कर्मचारियों की हाजिरी लगेगी। परिषद के निर्देश मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों को आदेश जारी कर तैयारियां शुरू करा दी हैं।
शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही सरकार उपस्थिति पर भी जोर दे रही है। इसमें न सिर्फ बच्चों की बल्कि शिक्षक और कर्मचारियों को भी हाजिरी की व्यवस्था है। परिषद के अपर सचिव (प्रशासन) सत्येंद्र कुमार सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी विद्यालयों में उपस्थिति यूपीएमएसपी अटेंडेंस पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से प्रतिदिन दर्ज की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता बढ़ाना और शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि आदेश मिलते ही शुक्रवार को सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। एक अप्रैल से शिक्षक अपनी हाजिरी पोर्टल पर दर्ज कर रहे थे। अब शिक्षकों के साथ-साथ प्रत्येक छात्र-छात्रा की भी प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। इससे व्यवस्थाएं और बेहतर बनेंगी। कड़ाई से होगा पालन : जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने कहा कि परिषद के निर्देशों का सभी विद्यालयों में कड़ाई से पालन कराया जाएगा। शिक्षकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की भी प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होगी। इससे विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग होगी और शिक्षा व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।