सलेमपुर। नगर के वार्ड नंबर छह पूर्वी इचौना स्थित चंद्रशेखर आजाद रोड के एक ज्वेलर्स और स्टेशन रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बरहज थाना क्षेत्र के बरहज नगर पंचायत निवासी मनीष वर्मा का नगर के वार्ड नंबर छह पूर्वी इचौना स्थित चंद्रशेखर आजाद रोड में ज्वेलर्स की दुकान है। रोज की बात सोमवार की रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार की सुबह उनके बगल के रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान का ताला और दरवाजा टूटा हुआ है।
आनन-फानन में मनीष बाइक से दुकान पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामला को गंभीरता से लेते हुए सीओ मनोज कुमार, कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। जांच के बाद कोई सामान गायब नहीं मिला जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
इसके अलावा चोरों ने पूर्वी इचौना वार्ड निवासी सुनील चौरसिया की इलेक्ट्रॉनिक दुकान का पीछे से ताला तोड़कर चोर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।