सिद्धार्थनगर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के नावडीह गांव में शनिवार रात एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश में धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिवार के लोग उसे इटवा सीएचसी लेकर गए, जहां हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग इलाज के लिए उसे गोंडा लेकर गए, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने जानलेवा हमला करने सहित अन्य धारा में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के नावडीह गांव निवासी भुर्रे यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके छोटे भाई निबाऊ यादव (55) शनिवार रात करीब पौने नौ बजे गांव के पोखरे के पास एक परिचित के बुलाने पर उसके घर गए थे। जैसे ही वह परिचित के घर की सीढ़ी चढ़ने लगे, पहले से घात लगाए बैठे गांव के नरदाहे यादव, शेषराम यादव, बेलाऊ व चिन्नीलाल ने रंजिश में निबाऊ को जान से मारने की नीयत से उनपर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस जानलेवा हमले में निबाऊ के सिर, गर्दन और शरीर पर घाव हैं। उन्होंने शोर मचाया तो अन्य लोगों को आता देख आरोपी भाग गए। सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर घायल को निजी अस्पताल बिस्कोहर लाए, जहां प्राथमिक उपचार कर उन्हें सीएचसी इटवा रेफर कर दिया गया।
सीएचसी इटवा के डॉक्टरों ने नाजुक हालत देख वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन परिवार के लोग इलाज के लिए उन्हें गोंडा ले गए। वहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या की कोशिश और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में है। प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।