फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम पर पथराव, तोड़-फोड़

Wed, 14 Dec 2016 10:47 PM IST
सिद्धार्थनगर/ अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
एटीएम में तोड़ फोड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 कैश को लेकर लोगों का गुस्सा अब उग्र होता जा रहा है। बुधवार को डुमरियागंज में कैश न मिलने से गुस्साए लोगों ने बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तोड़फोड़ कर दी। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड को भी गुस्से का कोपभाजन बनना पड़ा। घंटों कतार में लगने के बाद भी कैश न मिलने से लोग आक्रोशित थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, औराताल में एसबीआई शाखा से कैश न मिलने पर गुस्साए लोगों ने डुमरियागंज-बांसी मार्ग को जाम कर दिया। करीब साढ़े 11 बजे कैश पहुंचने के बाद रास्ता चालू हो पाया।
विज्ञापन

क्षेत्र के ज्यादातर बैंक-एटीएम लगातार कई दिनों से कैशलेस चल रहे हैं। तीन दिनों की छुट्टी के बाद मंगलवार को खुले बैंकों से लोग निराश लौटे और फिर बुधवार को सबेरे ही कतारों में लग गए। ठंड और कोहरे की परवाह किए बगैर वह पहले एसबीआई एटीएम पर कतार पर लगे, लेकिन एटीएम न खुलने पर एचडीएफसी व बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम के बाहर कतार लगा ली। नेटवर्क प्राब्लम के कारण एटीएम से प्रक्रिया पूरी कर कैश निकलने में समय लग रहा था। धीमी प्रक्रिया से गुस्साए लोग भड़क गए। दोपहर करीब 1 बजे बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान कुछ लोग लाइन से निकलकर एटीएम के अंदर घुसकर तोडफ़ोड़ करने लगे, जिससे भगदड़ मच गई। इसी बीच किसी ने पत्थरबाजी कर एटीएम का शीशा चकनाचूर कर दिया। पत्थरबाजी से मना करने पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के ऊपर भी लोग हमलावर हो गए। किसी तरह मौके से भागकर उसने खुद को बचाया। बैंक प्रबंधन की सूचना पर पहुंची डुमरियागंज पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही तोडफ़ोड़ करने वाले फरार हो गए थे। उधर, औराताल स्थित एसबीआई शाखा में भी कैश न होने की बात पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगडुमरियागंज-बांसी मार्ग पर आकर बैठ गए। इससे रास्ता जाम हो गया। इस दौरान लोगों ने बैंक के गेट को भी बंद रखा, किसी भी कर्मचारी को अंदर नहीं जाने दिया गया। करीब साढ़े 11 बजे बैंक में कैश आने के बाद लेन-देन शुरू हो पाया। इस दौरान लोगों ने बैंक मैनेजर पर अपने चहेतों को रुपया देने का आरोप भी लगाया। रास्ता जाम होने की सूचना पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि चिनकू यादव और बसपा प्रभारी सैय्यदा खातून भी मौके पर पहुंची और नोटबंदी का विरोध जताते हुए लोगों को समझाकर शांत कराया। नगर के एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी, पीएनबी और एडीबी बैंक में दिनभर लोगों का हुजूम लगा रहा। लोग रुपया निकालने के लिए लाइन में खड़े रहे। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमाकांत सिंह यादव ने बताया कि धक्का-मुक्की में एटीएम का दरवाजा टूटा है। वैसे बैंक के मैनेजर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। सीसी फुटेज के जरिए आरोपियों की जानकारी हासिल कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें