डुमरियागंज से इटवा मार्ग पर जाम से घंटों बाधित रहा आवागमन
शाहपुर। नवीन मंडी स्थल सहियापुर में माह के आखिरी दिन बंदी के निर्णय के बाद किसानों को अपनी फसल उपज बेचने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। बंदी के ऐलान के बाद बाहर के व्यापारी नहीं आए लेकिन जानकारी न होने पर किसान वहां पहुंच गए। खरीदार न मिलते देख औने-पौने दामों में अपनी सब्जियों को बेचकर किसान वापस लौट गए। इस दौरान सड़क किनारे किसानों के दुकान लगाने की वजह से जाम की स्थिति बन गई, जिससे लोग करीब दो घंटे परेशान रहे।
माह के आखिरी दिन मंगलवार को नवीन मंडी स्थल सहियापुर बंदी होने से किसान शाहपुर से बांसी बांध पर अपनी-अपनी साग-सब्जियां रखकर बेच रहे थे। कम जगह होने के नाते किसानों की भीड़ बढ़ गई। इसके चलते इटवा से डुमरियागंज मार्ग पर सुबह करीब 6:30 बजे से 8:30 बजे तक जाम जैसी हालात बनी रही। इस बीच शाहपुर चौराहे से डुमरियागंज राप्ती सेतु तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं, शाहपुर चौराहे से कुछ ही दूरी पर चौकी स्थित है, फिर भी इटवा पुलिस नहीं दिखी तो जाम से परेशान लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था खुद संभाली और एक-दूसरे की मदद से जाम से निजात पाने की कोशिश में लगे रहे। यह सिलसिला करीब दो घंटे चलता रहा। जाम से आम लोगों को राहत मिली।
-
जाम से बचने के लिए पगडंडी रास्तों का लिया सहारा
मंगलवार की सुबह डुमरियागंज से इटवा मार्ग पर जाम से बचने के लिए कीचड़ भरी पगडंडी रास्ते से लोग अपने-अपने गंतव्य को जाने के लिए जद्दोजहद करते हुए नजर आए। बारिश के बाद शाहपुर से भोजपुर बांध पर जगह जगह कीचड़ फैल गया था। सड़क जाम होने के चलते उसी कीचड़ से होकर लोगों को डुमरियागंज व डुमरियागंज से शाहपुर आने-जाने को मजबूर दिखे। कुछ बाइक चालक तो कीचड़ में फिसलकर गिर भी गए। गनीमत रही किसी को गंभीर चोट नहीं आई।