पकडी क्षेत्र के बुढनइया पेट्रोल पंप पर लोगो की लगी भीड़। संवाद
सिद्धार्थनगर। शहर समेत जिले के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंपों पर शनिवार को भी डीजल-पेट्रोल के लिए मारामारी मची रही। शहर के छह पंपों में शनिवार सुबह पांच ड्राई रहे। एक खुला रहा, जहां वाहन चालकों की लंबी कतार लगी रही। शाम तक अन्य पंपों पर तेल आया तो यहां भी भीड़ लग गई। ऐसा ही हाल जिले के अन्य पेट्रोल पंपों का रहा।
पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बुढनइया पेट्रोल पंप पर शनिवार को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में नियम का पालन कराते हुए लोगों को तेल का वितरण किया गया। यहां बिना हेलमेट के बाइक चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जा रहा था, जिससे पंप पर कम भीड़ देखने को मिली। पेट्रोल पंप मालिक अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश का पालन कराते हुए लोगों को बिना हेलमेट एवं डीएल के तेल नहीं दिया जा रहा है जो लोग हेलमेट पहने हुए है उन्हीं को तेल दिया जा रहा है।
इटवा प्रतिनिधि के अनुसार शनिवार को एसडीएम इटवा ने सीओ इटवा पवीन प्रकाश के साथ तहसील क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया।
एसडीएम कुणाल ने पंप मालिकों से आपूर्ति व वितरण में होने वाली कठिनाइयों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन के मुताबिक ही तेल का वितरण करें। किसी भी दशा में अवैध भंडारण अथवा अवैध बिक्री करने वालों को आपूर्ति न करें। ऐसा करने की स्थिति में संबंधित पंप मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने माप का भी परीक्षण किया।
कतार में बाइक लगा छांव में खड़े थे चालक
घोसियारी। बांसी तहसील क्षेत्र के घोसियारी के अंवारी स्टेट इंडियन ऑयल के पंप पर शनिवार को पेट्रोल नहीं था। वहीं, बगल स्थित छितही एचपी पेट्रोल पंप पर टैंकर पहुंचते ही सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। टैंकर द्वारा पंप में तेल खाली करने के दौरान आधे घंटे तक वितरण कार्य बंद रहने के दौरान चालक अपनी बाइक और अन्य वाहन कतार में लगाकर छांव में खड़े नजर आए। यहां लोग कड़ी धूप में पेट्रोल डीजल लेने के लिए परेशान दिखे। वहीं, पंप पर बिना चालक के ही सिर्फ बाइक और अन्य वाहन की कतार लगी रही।