भनवापुर क्षेत्र में बारिश के बाद खेत में धान की रोपाई शुरू । संवाद
भनवापुर। मानसून की दस्तक के साथ क्षेत्र में किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। लगातार हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद किसानों ने धान की रोपाई शुरू कर दी है। बारिश से कृषि कार्यों में तेजी आई है और किसान इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद जता रहे हैं।
सोमवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह से ही खेतों में किसान और मजदूर धान की पौध रोपने में जुटे दिखाई दिए। खेतों में चहल-पहल बढ़ने से ग्रामीण इलाकों में खेती-किसानी का काम भी रफ्तार पकड़ने लगा है। किसान रामदीन, जगदीश, पवन कुमार और अखिलेश ने बताया कि समय पर हुई बारिश धान की फसल के लिए काफी लाभदायक है। उनका कहना है कि यदि आगे भी मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष धान का उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद है। किसानों ने बताया कि बारिश के कारण सिंचाई पर निर्भरता कम होगी और खेती की लागत में भी कुछ कमी आएगी।