पूछताछ में हत्यारोपी घनश्याम ने कबूला जुर्म
- फोटो : अमर उजाला
मेचुकी गांव निवासी अनीता यादव की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग ही कारण था। प्रेम में हद तक आगे बढ़ चुके घनश्याम से अनीता ने परिजनों की सहमति के बगैर शादी से इनकार कर दिया था। इससे क्षुब्ध होकर घनश्याम ने उसकी हत्या कर दी। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने उसे हत्या के मामले में जेल भेज दिया है।
बुधवार को स्थानीय थाने में आरोपी घनश्याम को मीडिया के समक्ष पेश करते हुए एसओ रणधीर मिश्र ने पूरे मामले का पटाक्षेप किया। बताया कि अनीता के चचेरे भाई का साला होने के चलते घनश्याम का घर आना-जाना लगा हुआ था। इसी दौरान अनीता से उसकी नजदीकी बढ़ गई। प्रेम परवान चढ़ा तो घनश्याम ने शादी करने का प्रस्ताव रखा। इस पूरे वाकये से घर वाले भी अवगत थे, लेकिन रिश्तेदार होने के चलते दोनों की शादी पर सहमत नहीं थे। घर वालों की रजामंदी होती न देख घनश्याम ने अनीता के समक्ष भाग कर शादी करने का प्रस्ताव रखा। इसी पर सहमति के लिए उसने 5 मार्च की सुबह गांव के बाहर खेत में बुलाया था, मगर यहां भी अनीता ने बिना मां-बाप की मर्जी के शादी से साफ इनकार कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर घनश्याम ने गला घोंटकर अनीता की हत्या कर दी। एसओ ने बताया कि सोमवार की सुबह शव मिलने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान नेपाल भागने की तैयारी कर रहे घनश्याम को मुखबिर की सूचना के आधार पर इटवा-बढनी मार्ग स्थित अलफारूक इंटर कॉलेज से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड व एक हजार रुपये नकदी भी बरामद हुआ है। पूछताछ के बाद उसे संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में एसओ के अलावा एसआई पारसनाथ यादव, रामेश्वर यादव, कांस्टेबल महेंद्र यादव, अमित कुमार मद्धेशिया शामिल रहे।