सिद्धार्थनगर। भवानीगंज और एसओजी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात क्षेत्र बिथरिया के पास बदमाश की धरपकड़ में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
पुलिस का दावा है कि घुमंतू पशुओं को पकड़कर उसका मांस बेचने का काम करता था। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया गया। उसका इलाज कराया गया और न्यायालय भेज दिया गया।
जानकारी देते हुए एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि एसओजी प्रभारी हरिओम कुशवाहा और एसओ भवानीगंज अमित कुमार शुक्रवार रात क्षेत्र में चेकिंग के लिए निकले थे। तभी जानकारी मिली की प्रतिबंधित पशु का वध करने से संबंधित अपराधी विथरिया की तरफ से सरयू नहर की पटरी से आ रहा है जो अपने साथी से मिलने जबजौआ जाने वाले है।
सूचना पर चौरा बनगबा गांव के आगे सरयू नहर पटरी पर चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी बीच बिथरिया के तरफ से एक बाइक सवार आता नजर आया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा और लड़खड़ाकर गिर गया। पुलिस टीम ने चिल्लाकर रुकने के लिए कहा तो गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग करने लगा। इसमें थानाध्यक्ष भवानीगंज बाल-बाल बच गए।
इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में तस्कर के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो कर वहीं गिर गया। पूछताछ में उसकी पहचान अजहरुद्दीन उर्फ गज्जन निवासी विथरिया थाना भवानीगंज जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक कारतूस, दो चाकू, एक बोगदा, एक लकड़ी का ठीहा, एक बाइक बरामद की गई है।
एसओजी प्रभारी ने बताया िक आरोपी से पूछताछ की जा रही है।