डुमरियागंज। विकास कार्यों के ठप होने और अनियमितता के आरोपों को लेकर मंगलवार को सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। सभासदों ने कार्यालय परिसर में बैठकर मांगों को लेकर विरोध जताया।
मंगलवार को नगर पंचायत परिसर में सभासद एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए। सभासदों का धरना देख अधिशासी अधिकारी सचिन कुमार पटेल ने सभासदों के साथ उन्हीं के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत के दौरान सभासदों ने ईओ को मांगों का ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
सभासदों द्वारा ईओ को सौंपे ज्ञापन में बताया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास से जुड़े कार्य प्रभावित हैं। विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर आए दिन जनमानस में चर्चाएं हो रही हैं। सभासदों का आरोप है कि उनके द्वारा दिए जा रहे विकास प्रस्तावों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष है।