पथरा। क्षेत्र के ग्राम कपिया बुजुर्ग में 17 वर्षीय सनी की कुदाल से मार कर निर्मम हत्या कर दी गई। बिना परिवार की सहमति और पंचनामा भरवाए शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेजे जाने से नाराज परिजनों ने हंगामा किया।
मौजूद गांव के 20 से अधिक लोग पथरा थाने के सामने बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान उनकी बात को सुनने के लिए कोई भी उच्चाधिकारी नहीं पहुंचा तो मजबूरन लोगों ने एक घंटे बाद खुद ही धरना समाप्त कर दिया। इससे एक घंटे तक मार्ग पूरी तरह जाम रहा। जानकारी के अनुसार, मृतक सनी के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसके बाबा मनीराम ही उसकी परवरिश कर रहे थे। घटना की सूचना पर बदहवास होकर वह थाने पर पहुंचे थे। इससे पहले ही पुलिस ने सनी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मनीराम के साथ आए लोग शव न देख आक्रोशित हो गए और पुलिस पर बिना परिजन से पंचनामा भरवाए पोस्टमार्टम में शव भेजने की पुलिस प्रक्रिया पर प्रश्नचिन्ह लगाने लगे। इस दौरान लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए।
मृतक के बाबा मनीराम चौहान ने आरोप लगाया है कि पुलिस मामले का अल्पीकरण करना चाहती है। बिना परिजनों के आए व बिना पंचनामा के शव को पोस्टमार्टम के लिए कैसे भेज दी गई। आरोप लगाया कि उन्हें मुकदमे की काॅपी भी नहीं दी जा रही है। इससे साफ जाहिर होता है कि पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान पुलिस कर्मी परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास भी कर रहे थे।
क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पुलिस की कस्टडी में हैं। हमें जाम की जानकारी नहीं है।व