- मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, पूरी न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एसोसिएशन जिला इकाई सोमवार को कलक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान गुजरात उच्च न्यायालय के आदेश अनुसार सरकारी कर्मचारी का दर्जा और वेतन श्रेणी लागू करने, मानदेय 24000 किए जाने की मांग की।
इसके अलावा फेस रेकॉगनेशन प्रणाली (फेस कैप्चर) को बंद करने, पुराने नियम के अनुसार टीएचआर वितरण करने आदि सीएम के नाम संबोधित सात सूत्री मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री प्रभावती देवी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भारत सरकार द्वारा 4500 और सहायिकाओं को 2250 प्रतिमाह मानदेय दिया जाता है। कई राज्यों में आंगनबाड़ी कर्मचारियों को राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त मानदेय दिया जाता है। इन कर्मचारियों को मानदेय पांच वर्ष में एक बार संशोधित होता है। इन्हें कोई महंगाई भत्ता या वेतन वृद्धि नहीं दी जाती है। श्रम कानूनों के तहत मिलने वाले लाभ जैसे ग्रेच्युटी, पेंशन, भविष्य निधि और स्वास्थ्य सुविधा का लाभ भी उन्हें नहीं मिलता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बहुत ही कम है।
इस अवसर पर सिमला मौर्या, इंदुलता, कुसुम सिंह, कौशिकी त्रिपाठी, अनीता पासवान, सबीना, गुजराती, सुनीता, कामिनी सिंह, मकबूल, सरिता, संगीता दूबे, विनीता राय, विंद्रावती पांडेय, प्रमिला चौधरी, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहीं।