- शिवनगर डिड़ई थानाक्षेत्र के छिताही गांव के पास हुआ घटना
- गोरखपुर मेडिकल कॉलेज लेकर जाते समय दम तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी/घोसियारी (सिद्धार्थनगर)। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के छिताही पकरिया गांव के सिवान के बीच मंगलवार को डंठल में लगी आग में झुलसकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
क्षेत्र के टिकरी पकरिया निवासी राजमणि मिश्रा (85) मंगलवार दोपहर ढाई बजे खेत की तरफ गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक उसी दौरान छितही के सिवान में गेहूं के डंठलों में आग लगी हुई थी। हवा के कारण आग तेजी से बढ़ रही थी। आग फैलाती देख सिवान में मौजूद अन्य लोग आवाज लगाने लगे, लेकिन राजमणि समझ नहीं सके और आग में घिर गए। जब तक लोगों ने उन्हें जलते डंठलों के बीच से बाहर निकाला वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
परिजन उन्हें बस्ती जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में ही राजमणि की मौत हो गई। एसओ शिवनगर डिड़ई शशांक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। परिजन अगर चाहेंगे तो पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।