डीएम के कैंप कार्यालय पर बैठक करते जिलाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर डीएम ने बैठक कर राजस्व संबंधी कार्याें की प्रगति की समीक्षा की। उपस्थित सभी एसडीएम व तहसीलदार को तहसीलों की सभी मासिक रिपोर्ट जांचकर तैयार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने तहसीलवार समीक्षा करते हुए कहा कि इटवा तहसीलदार ने दायरे से कम मुकदमों का निस्तारण किया है।
यह लापरवाही ठीक नहीं है। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुकदमे की सुनवाई करते समय वादी-प्रतिवादी व मुकदमे की पैरवी कर रहे अधिवक्ता के मोबाइल नंबर एक्टिवेट करा दिए जाएं। तहसील की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के संबंध में माह में दो बार बैठक कर लें, जिससे तहसीलों की प्रगति रिपोर्ट ठीक हो सके।
विविध देयों की वसूली की समीक्षा के समय बांसी व शोहरतगढ़ में चार अमीनों की वसूली लक्ष्य के सापेक्ष 87 प्रतिशत की गई है। डीएम ने इनका वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दाखिला दिवस माह के सात या आठ तारीख को रखें, जिससे वसूली की तिथि निर्धारित कर दी जाए।
तहसीलदार व नायब तहसीलदार एक दिन के अंतराल पर वसूली के लिए जाएं। इसके अलावा कृषि भूमि आवंटन, खतौनी का कम्प्यूटरीकरण, खसरा का विवरण, समाजवादी सर्वहित बीमा योजना कृषक दुर्घटना बीमा योजना एक अगस्त से लागू हो रही है। योजनाओं को लेकर पंचायत समितियां गठित कर ली जाए। इस दौरान एडीएम पीके जैन, एसडीएम योगानंद पांडेय, विनय कुमार पाठक, सुरेंद्र मिश्र, जुबेर बेग, ओमप्रकाश सहित तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद रहे।