सिद्धार्थनगर। नवंबर माह में अधिक संख्या में मांगलिक कार्यक्रमों के कारण हरी सब्जियों की मांग अचानक से बढ़ गई है। मांग बढ़ने की वजह से सब्जी के दाम में इजाफा हुआ है। हरी सब्जियों के साथ-साथ लहसुन की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। अचानक दाम बढ़ने से आम उपभोक्ता परेशान हैं।
पिछले 15 दिनों में कई सब्जियों के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं। विक्रेताओं का कहना है कि 15 दिसंबर के बाद सब्जी के मूल्यों में गिरावट होने की उम्मीद है। 15 दिन पहले जो प्याज 40 रुपये किलो के हिसाब से बिक रहा था, आज 60 रुपये तक पहुंच गया है।
टमाटर के दाम में भी इजाफा हो गया है। लगातार सब्जियों के मूल्यों की बढ़ोतरी को लेकर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं लेकिन हकीकत यह है कि मांगलिक कार्यक्रमों को लेकर बढ़ी सब्जियों की मांग के सापेक्ष आवक कम होने के चलते दाम में बढ़ोतरी हुई है।
सब्जी का कारोबार करने वाले आढ़तियों का कहना है कि जैसे ही मांग कम होगी, मूल्यों में गिरावट होगी। सब्जियों की मांग बढ़ने के बाद फुटकर विक्रेता मनमानी पर उतारू हैं।
फुटकर और फेरी करने वाले सब्जी विक्रेता मनमाने मूल्यों पर सब्जी बेच रहे हैं। सब्जी मंडी से खरीद मूल्य के बाद 20 से 30 रुपये ज्यादा भाव पर सब्जियों की बिक्री कर रहे हैं।