बच्चा नहीं होने से पति करता था प्रताड़ित, बेटी ने दी जान
पकड़ी बाजार। मिश्रौलिया थाना के गौरडीह गांव के टोला बोधेडीह गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। घर के पीछे पेड़ की डाल से साड़ी के सहारे उसका लटका शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि बच्चे न होने के कारण पति की प्रताड़ना से आजिज आकर बेटी ने आत्महत्या की है।
क्षेत्र के गौरडीह के टोला बोधेडीह गांव में मंगलवार की रात रेनू (28) पत्नी धर्मेंद्र की लाश उसके घर के पीछे लगभग 10 बजे की रात पेड़ से साड़ी के फंदे के सहारे लटकी मिली। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
रेनू की मौत की खबर सुनकर उसके मायका बलरामपुर जनपद के थाना पचपेड़वा कस्बे से पिता चंद्रबली चौहान पहुंच गए। बुधवार को सुबह मिश्रौलिया थाने में तहरीर देकर अपने दामाद धर्मेंद्र पर आरोप लगाया कि मेरी पुत्री को कोई बच्चा न होने से उसका पति प्रताड़ित करता था उसे मरता-पीटता था। प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने जान दे दी है। शादी हुए 15 वर्ष हो गए हैं। पिता ने मामले की जांच करके कार्रवाई की मांग की। मिश्रौलिया थानाध्यक्ष घनश्याम सिंह ने बताया कि मृतका रेनू के पिता की तहरीर के आधार पर उसके पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।