संतकबीरनगर। जमीन बैनामे का सौदा करके एडवांस में 80,000 रुपये लेकर हड़प लेने के आरोप में रविवार को पुलिस ने दो लोगों पर केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के उस्का कला निवासी रंजना श्रीवास्तवा पत्नी सुमन श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने मेसर्स शक्ति इन्फ्रा के मालिक सीताराम पांडेय निवासी सरैया व दुष्यंत अग्रहरि निवासी बड़ी सरौली कोतवाली, जो जमीन का धंधा करते हैं, से संपर्क किया। उन लोगों से मिश्रौलिया में 1198 वर्ग फीट भूमि खरीदने की बात तय हुई। नौ अप्रैल 2015 को बतौर बयाना 50,000 रुपये व चार अप्रैल 2015 को 30,000 रुपये दिए। इसकी रसीद उन्होंने मुझे दी। वह और उनके परिवार ने उन लोगों से बैनामा करने के लिए कहा गया तो टरकाते रहे। आरोप है कि पैसा वापस मांगने पर वे लोग पैसा वापस नहीं दे रहे हैं। दुष्यंत अग्रहरि कहते हैं कि सीताराम आएगा तो हिसाब करूंगा और सीताराम मिलते ही नहीं हैं। आरोप है कि सुनियोजित तरीके से ठगी की गई है। उसके 80,000 रुपये हड़प लिए गए हैं। कोतवाल रविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों पर गबन का केस दर्ज किया गया। संवाद