वाहन चेकिंग के नाम पर वसूली का आरोप
सिद्धार्थनगर। भाकियू (अंबावता गुट) ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक कर किसानों की समस्याओं पर चर्चा की और प्रशासनिक अधिकारी को दस सूत्री ज्ञापन सौंपा। भाकियू नेताओं ने आरोप लगाया कि वाहन चेकिंग के नाम पर जोगिया पुलिस वसूली कर रही है।
ज्ञापन में कहा कि किसानों की सहूलियत के लिए जिले में धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। रबी की बुआई से पहले किसानों को खाद व बीज उपलब्ध हो, इसके लिए अधिकारी पहले से कोशिश करें ताकि किसानों को कोई दिक्कत न हो।
जोगिया कोतवाली पुलिस पर वाहन चेकिंग के नाम वसूली करने का आरोप लगाते हुए जिलाध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय, जोगिया पुलिस लोगों को परेशान कर रही है। कपिल देव राय ने कहा कि बाढ़ से किसानों का बहुत नुकसान हुआ है। कृषि उपज का मुआवजा किसानों को जल्दी दिलाया जाए, ताकि उनकी माली हालत में सुधार हो सके। बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में किसानों के ऋण माफ करने की मांग की।
उन्होंने बांधों में हुए कटान के लिए दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। कहा कि गांवों के विकास के लिए आने वाले धन के बंदरबांट को रोकना जरूरी है। इस दौरान विनोद कुमार चौधरी, इंद्रजीत दूबे, अनीस, भोला यादव, शिव प्रसाद, मो. खलीक, नंदलाल, सुदामा गुप्ता आदि मौजूद रहे।