संतकबीरनगर जनपद के पसाई गांव के रहने वाले किसान की शिकायत का एसडीएम ने लिया संज्ञान
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। मजहर आजाद निवासी पसाई जनपद संतकबीरनगर ने एसडीएम बांसी को शिकायती पत्र देकर खेसरहा सर्किल के राजस्व निरीक्षक कमलेश बहादुर पर आरोप लगाया है। कहा है कि पक्की पैमाइश का आदेश होने के बाद भी पैमाइश के लिए 12 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम बांसी ने संबंधित राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण व साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
मजहर आजाद निवासी ग्राम पसाई जिला संतकबीरनगर ने एसडीएम बांसी को शिकायती पत्र दिया है। शिकायती पत्र में कहा है कि बांसी तहसील क्षेत्र के खेसरहा सर्किल के गांव मैथवलिया में उनका खेत है। इसकी पक्की पैमाइश के लिए फरवरी 2022 में आदेश कराया था। राजस्व निरीक्षक बाढ़ व खेत में फसल कहकर टालते रहे।
बताया है कि मई 2023 में फसल कट जाने और खेत खाली हो जाने के बाद कई बार राजस्व निरीक्षक से मिलकर पैमाइश करने का निवेदन किया। हर बार मुझसे पैमाइश के लिए 12 हजार रुपये की मांग की गई। इसके बाद मैंने जून माह के पहले सप्ताह में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की। इसको संज्ञान में लेते हुए प्रभारी अधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को पैमाइश करने के निर्देश दिया। उनके भी आदेश को दरकिनार कर दिया गया।
इसके बाद फिर अक्तूबर के पहले सप्ताह के समाधान दिवस में शिकायती पत्र दिया फिर भी पैमाइश नहीं हुई। शिकायतकर्ता मजहर आजाद ने अपने शिकायती पत्र में लिखा है कि उनकी पक्की पैमाइश के बाद के आदेशों का अनुपालन किया गया। लेकिन पैमाइश नहीं की गई। उन्होंने मांग की है कि यदि उनके पैमाइश के आदेश के बाद के आदेश की पैमाइश की गई है तो राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस शिकायती पत्र पर एसडीएम बांसी ने राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक कमलेश बहादुर से पूछे जाने पर उन्होंने आरोप को मिथ्या व गलत बताया है।