डुमरियागंज। शिया मुसलमानों के चौथे इमाम हजरत जैनुल आब्दीन अलैहिस्सलाम ( सैयदे सज्जाद) के शहादत दिवस पर हल्लौर में रविवार की रात को अलम और ताबूत का जुलूस निकाला गया। इस दौरान अकीदतमंदों ने नौहा-मातम कर इमाम की शहादत को याद किया।
इस दौरान जगह-जगह ताजिए रखे गए जहां सारी रात मरसिया मजलिस हुई। इमाम सज्जाद के शहादत दिवस पर रविवार की रात इमामबाड़ा हुसैनिया सेठ बाबा से अंजुमन उरूज मातम द्वारा अलम और ताबूत का जुलूस निकाला गया। इमामबाड़ा हुसैनिया फहम साहब से अंजुमन गुंचा मातम का अलम ताबूत का जुलूस निकाला गया, जो नौहा-मातम के बीच प्रमुख मार्गों से होता हुआ बब्बन बाबा के इमामबाड़े पर पहुंच कर समाप्त हो गया।
वहां रखे ताजिए और सजाए गए इमाम सज्जाद के ताबूत की जियारत के लिए रविवार की सारी रात और सोमवार को दिन भर अकीदतमंदों का जनसैलाब उमड़ता रहा। इमाम सज्जाद के शहादत दिवस पर हल्लौर के अलावा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी मरसिया मजलिस हुई और जुलूस निकाला गया। हर तरफ गम और शोक का माहौल रहा।र