भारतभारी। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के टड़वा गांव में बुधवार आठ मुहर्रम पर अंजुमन हैदरी के तत्वावधान में एक मातमी जुलूस का आयोजन किया गया। जुलूस सुबह सात बजे शुरू होकर 11 बजे तक तक समाप्त हो गया। जुलूस में बुज़ुर्ग, जवान और बच्चों ने जंजीर, छुरी, ब्लेड का मातम पूरी जोश-खरोश के साथ किया। इमाम हुसैन के भाई हजरत अब्बास की याद में अंजुमन हैदरी के इमामबाड़ा से जुलूस की शुरूआत हुई, जिसने पूरे गांव में भ्रमण किया। जुलूस में अलम, जुलजानाह को शामिल किया गया। अकीदतमंदों ने अलम जुलजानाह की जियारत की और अपनी मन्नतें मांगी। जुलूस में मौलाना शबीह हैदर और इमदाद हुसैन ने हजरत अब्बास का नौहा पढ़ा, जिस पर मौजूद अकीदतमंदों ने मातम किया। जुलूस में मौलाना कमाल हैदर, मजहर हुसैन, बरकत अली, हैदर अली, मेंहदी हसन, इतरत अली, आबाद हुसैन, इशरत हुसैन आदि मौजूद रहे।