अखिलेश ने किया ट्वीट, चंद्रदीप घाट मार्ग के पुराने पुल को ध्वस्त किया गया
भवानीगंज (सिद्धार्थनगर)। पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद मंगलवार को डुमरियागंज क्षेत्र के चंद्रदीप घाट मार्ग पर पुराने पुल को ध्वस्त कर दिया गया। इस पुल की पुरानी नींव पर नई दीवार बनाने का फोटो ट्वीट करते हुए अखिलेश ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। अब इस मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व ठेकेदार लापरवाही का ठीकरा कारीगर व श्रमिकों पर फोड़ रहे हैं।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के चंद्रदीप घाट मार्ग पर बिथरिया और परसपुर के बीच पहले से स्थित पुराने पुल की नींव और दीवार को तोड़ने के बजाय उसी के ऊपर दीवार बनाने की तैयारी थी। किसी माध्यम से यह फोटो अखिलेश यादव को मिल गई, जबकि करीब छह मीटर के पुल को ध्वस्त कर नए निर्माण के लिए 41 लाख रुपये बजट स्वीकृत हुआ है। इस मामले में लोक निर्माण विभाग बांसी खंड के अधिशासी अभियंता वीके राय ने बताया कि पुल को ध्वस्त करा दिया दिया गया है। इस मामले में ठेकेदार को चेतावनी पत्र दिया गया है। ठेकेदार मौके पर मौजूद नहीं था और कारीगर पुराने पुल की नींव पर ही नई दीवार बना रहे थे।
चंद्रदीप घाट मार्ग बने पुल को ठेकेदार ने ध्वस्त करा दिया है। इस मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिकारी जांच कर रहे हैं।
संजीव रंजन, जिलाधिकारी
सपाइयों ने दी चेतावनी
डुमरियागंज। सपा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डुमरियागंज रामकुमार उर्फ चिंकू यादव ने मंगलवार को सपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता में पुल के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्राम बिथरिया के पास पुराने पुल (बेड) के पुरानी बुनियाद पर छत डालने और स्लैब लगाने की तैयारी में मानक और निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही थी। उन्होंने पुल निर्माण के साथ ही क्षेत्र की सड़कों के निर्माण कार्यों में मानक की अनदेखी करने की बात की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में जांच नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस दौरान रघुनंदन पांडेय, अवधेश सिंह, अज्जू सिंह, नफीस अहमद मौजूद थे। संवाद