गंभीर चोट लगने से हुई थी अजय की मौत
पुलिस ने सभी छह हत्यारोपियों को भेजा जेल
बेलवा महदेवा गांव में मारपीट में हुई थी युवक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
चिल्हिया। क्षेत्र के बेलवा महदेवा गांव निवासी अजय की मौत गंभीर चोट लगने के बाद कोमा में चले जाने की वजह से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसके बाद शनिवार देर शाम पुलिस ने सभी छह आरोपियों को जेल भेज दिया।
बेलवा महदेवा गांव में एक जुलाई की रात कुत्ते को गाली देने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। मारपीट की इस घटना में अजय (28) की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोट आने के बाद अजय कोमा में चला गया था। इस वजह से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद गैर इरादतन हत्या की धारा में परिवर्तन करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद शनिवार देर शाम हत्यारोपी विक्रम उर्फ विक्की, इंद्रजीत उर्फ चिनक, सुमेर, दुर्गेश, मुकेश, राजेश को जेल भेज दिया। एसओ चिल्हिया यशवंत सिंह ने बताया कि सभी छह आरोपी को जेल भेज दिया गया है।