शोहरतगढ़ में चेयरमैन प्रतिनिधि को ज्ञापन देतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। नगर के धर्मशाला मोहल्ला में खुल रही देशी शराब की नई दुकान को हटवाने की मांग करते हुए महिलाएं शुक्रवार को सड़क पर उतरीं। नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन कर समस्या से संबधित ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता कसौधन से कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राजमार्ग पर स्थित सभी सरकारी शराब की दुकान हटाई जा रही है। इसी नियम के आड़ में एक दुकानदार धर्मशाला मोहल्ला में दुकान खोलने जा रहा है। घनी व पॉश कॉलोनी में देशी शराब की दुकान खुलने के बाद महिलाएं व बच्चों को बाहर निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। दिनभर मोहल्ला की सड़कों पर अवांछनीय तत्वों का जमावड़ा भी लगा रहेगा। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि सरकारी देशी शराब की इस दुकान को यहां के बजाय आबादी से दूर अन्य किसी स्थान पर खुलवाया जाए।
अपराधिक घटनाओं के भी बढ़ने की आशंका है। अगर इसके बावजूद दुकान को खेला जाता है तो मोहल्ले की महिलाएं प्रदर्शन करेगी। इस दौरान लक्ष्मी, रुख्सार, सीमा, अलीमुन्निशां, रशीदा, उर्मिला पांडेय, मालती, कमरुन्निशां, सरस्वती, नजमुन्निशां, नाजमा, आमिना, नूरजहां आदि महिलाएं मौजूद रहीं। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता कसौधन ने कहा कि नगर की महिलाओं ने प्रशासन के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा है। समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों से वार्ता किया जाएगा। जल्द ही कोई निस्तारण किया जाएगा।