सोनूघाट। सदर ब्लॉक के सोनूघाट ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार को हुए प्रधान के पति और ग्राम पंचायत सचिव के बीच हुए हाथापाई के बाद सुलह समझौते की कवायद तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नरेगा की फाइल पर हस्ताक्षर करने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। बाद मामला आगे बढ़ने पर हाथापाई होने लगी। पंचायत सचिव विजय कुमार राय ने आरोप लगाया था कि पंचायत सचिवालय पर बैठने के दौरान प्रधान के पति अपने सह योगियों के साथ पहुंचकर एक फाइल पर हस्ताक्षर करने का दबाव बना रहे थे। फाइल की जांच के बाद ही हस्ताक्षर करने की बात पर नाराज होकर मारपीट की। पंचायत सचिव ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत सदर बीडीओ से लगायत जिले के उच्च अधिकारियों तक से की है।
हालांकि दो दिन बीतने के बाद इस मामले में अफसरों ने कोई निर्णय नहीं लिया। उल्टे अब सचिव पर ही सुलह समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। प्रधान पति अमरेंद्र यादव ने बताया कि इस मामले में उनकी कोई गलती नहीं है, लेकिन कुछ लोग उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं बीडीओ पन्नालाल यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।