- मॉल व होटलों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर खड़े होते हैं वाहन, रोज लगता है जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज।
स्थानीय कस्बे में तेजी से खुल रहे शॉपिंग मॉल और होटलों में पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण यहां आने वाले लोग सड़क पर ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे प्रतिदिन कस्बे में लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। बताया जा रहा है कि शॉपिंग मॉल और होटलों के निर्माण के लिए जो नक्शा पास कराया जाता है उसमें तो पार्किंग की जगह दिखायी जाती है लेकिन जब निर्माण कराया जाता है तो नक्शे को दरकिनार कर दिया जाता है। कई में पार्किंग तो है लेकिन वे मानक विहीन हैं। ऐसा होने के बाद भी विभाग इन पर कोई कार्रवाई नहीं करता, जिसका खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ता है।
इन सब दुर्व्यवस्था के बावजूद कई शॉपिंग मॉल को कानूनी मान्यता देते हुए बाकायदा नक्शा पास कर दिया गया है। नक्शे में जितना एरिया शॉपिंग मॉल के लिए दिया जाता है, उतना ही एरिया पार्किंग के लिए भी दर्शाया जाता है। जबकि धरातल पर तस्वीर कुछ और ही बयां करती है। कई ऐसे शॉपिंग मॉल हैं, जिसके बाहर एक चार पाहिया वाहन खड़ा करने के लिए जगह नहीं है। बावजूद इसके उनमें एक साथ 50 से अधिक लोग खरीदारी करते हैं।
नक्शा पास कराने के नियम
माॅल बनाने के लिए सबसे पहले जमीन के कागजात और नक्शा नगर विकास विभाग को देना होता है। विभाग नक्शे की गहन जांच के दौरान यह सुनिश्चित करता है कि पार्किंग की सुविधा है या नहीं। बिना पार्किंग के कोई भी नक्शा स्वीकृत नहीं किया जा सकता। पार्किंग के लिए भी शॉपिंग मॉल के बराबर एरिया निर्धारित की जाती है। लिहाजा आम तौर पर बेसमेंट में ही पार्किंग की सुविधा दी जाती है। डुमरियागंज में नक्शा स्वीकृत करने के बदले एक रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से विकास शुल्क जमा करना होता है।
-
ऐसे हो रहा नक्शे का उल्लंघन
मॉल का नक्शा पास कराने के लिए लोग जमीन के कागजात के अलावा जरूरी धनराशि नगर विकास विभाग में जमा कर देते हैं। विभाग नियमों के मुताबिक नक्शा पास कर देता है, मगर इसके बाद कोई भी कर्मचारी यह देखने निर्माण स्थल पर नहीं जाता कि नक्शे के अनुरूप काम हो रहा है या नहीं। यही कारण है कि नक्शे में भले ही पार्किंग हो लेकिन मौके पर उनका वजूद नहीं है।
-
रोजाना घंटों जाम झेलते हैं लोग
नगर के सबसे व्यस्त डुमरियागंज-बस्ती, बांसी रोड का आलम यह है कि यहां वाहनों की पार्किंग सड़क पर ही होती है। बैदौला और मंदिर चौराहे पर सड़क अवैध पार्किंग के जाम में जकड़ी हुई है। इससे रोजाना जाम लगता है। लोग इधर जाने से बचते हैं।
-
बोले जिम्मेदार
नगर में बने शॉपिंग मॉल के मानचित्र और पार्किंग के बारे में जांच करवायी जाएगी। जो भी निर्माण मानक विहीन होगा उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
- महेश प्रताप श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी, डुमरियागंज