सिद्धार्थनगर। घर में मोबाइल छीनने की बात हो या पढ़ाई को लेकर तनाव, मामूली डांट हो फिर सख्त सजा। अगर इनके बाद मासूम शांत होकर किनारे हुए और कोई हाथ थामने वाला नहीं रहा तो नतीजे में पछतावे के सिवा कुछ हाथ नहीं आएगा।
10 से 15 साल के बच्चों में आत्मघाती कदम उठाने की प्रवृति बढ़ रही है। इस कदम को वह भावनात्मक रूप से टूट कर उठा रहे हैं। मनोचिकित्सक इसे इमोशनल ब्लैक आउट बता रहे हैं, जिससे न चाहते हुए भी बालक और किशोर जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं और कई मामलों में जान तक जाने के मामले सामने आ रहे हैं। हाल में ही खेसरहा क्षेत्र के एक 12 वर्ष के बालक ने मोबाइल के लिए डांट खाने के कारण फंदा लगा लिया था।
मनोविज्ञानी बताते हैं कि ऐसे मामलों में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के ठीक पहले तक बच्चों का व्यवहार सामान्य दिखता है। न कोई लंबा प्लान, न कोई स्पष्ट संकेत...बस 10 से 20 मिनट का वह समय, जब भावनाएं अचानक चरम पर पहुंचती हैं और निर्णय क्षमता लगभग शून्य हो जाती है। टीन एजर्स के इन आत्मघाती कदमों को समझने के लिए बड़ी वजहों से ज्यादा उन छोटे-छोटे पलों को समझना जरूरी है, जहां बच्चा भावनात्मक रूप से टूटता है। अगर उस 15 मिनट के ब्लैकआउट को पहचान लिया जाए और समय रहते किसी ने हाथ थाम लिया तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
मेडिकल कॉलेज के न्यूरो विभाग के विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष शुक्ल बताते हैं कि महीने में ऐसे चार-पांच केस उनके पास आ रहे हैं, जिसमें कुछ ही देर के गुस्से में बच्चे खतरनाक कदम उठा लेते हैं। डॉक्टर के अनुसार एक 13 साल किशोर उनके पास लाया गया था जो अपने माता-पिता से नफरत करता था। पूछने पर सीधे बोलता था कि वह दोनों का चेहरा तक नहीं देखना चाहता है। कारण, पड़ाेसी के सामने उसे पीट दिया गया।