- नगर पालिका बांसी में आठ दिन से बाधित है 10 मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति
बांसी। कस्बे के 10 वार्ड में अब जल्द ही पेयजल आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। आठ से बाधित सप्लाई की खबर अमर उजाला में छपने के बाद सोमवार को नपा प्रशासन सक्रिय हुआ और मोटर को बदलकर पेयजल आपूर्ति शुरू करने की जद्दोजहद में लग गया। इसके बावजूद शाम तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी।
बताते चलें कि ब्लाॅक के बगल में स्थित नलकूप से कस्बे के अकबरनगर, श्यामनगर, राजेंद्रनगर, आर्यनगर, टेकधरनगर, शंकरनगर, शास्त्रीनगर, राप्तीनगर, पंतनगर, गौतमबुद्धनगर आदि वार्डों की पेयजल आपूर्ति की जाती है। पहले पाइप में आ रहे गंदे पानी को साफ करने के लिए दो जगह पाइप काटकर छोड़ दिया गया। चार दिन तक इससे कई वार्डों की आपूर्ति ठप रही। जब इसे ठीक किया गया तो मोटर जल गया। एक सप्ताह तक आपूर्ति बंद होने के बाद भी नगर पालिका के जिम्मेदार हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे और आम जनमानस से जुड़ी इस समस्या का समाधान नहीं किया।
इधर पानी के लिए तरस रहे लोगो में आक्रोश पनपने लगा। पानी की किल्लत से निपटने के लिए लोग पीने का पानी खरीद कर ला रहे हैं और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आसपास के नल से पानी की ढुलाई कर रहे हैं। कस्बा निवासी सरदार अजीत सिंह, एडवोकेट शंकर स्वरूप वर्मा, शकील अहमद का कहना है कि आए दिन पानी की आपूर्ति बंद होने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इनका कहना है कि नगर पालिका के जिम्मेदारों की लापरवाही से अक्सर मोटर खराब होता है और पेयजल आपूर्ति बंद हो जाती है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है।
-
लापरवाही से नहीं बदला गया मोटर
बांसी। नगर पालिका के जिम्मेदारों की लापरवाही का आलम यह है कि दस अतिरिक्त मोटर होने के बाद भी मोटर तत्काल नहीं बदला गया। नपा के एक कर्मचारी ने नाम न छापने के शर्त पर बताया कि वर्तमान समय में सभी अतिरिक्त मोटर खराब है जो बस्ती और गोरखपुर बनने के लिए गए है और वही पड़े हुए है। एक मोटर आया है, जिसे बदलने का काम चल रहा है। बार-बार मोटर जलने के बारे में उसने बताया कि स्टार्टर से मोटर चलाने के बजाय डायरेक्ट चलाया जा रहा, जिससे वोल्टेज बढ़ने और घटने के कारण मोटर जल रहा है। जबकि स्टार्टर मौजूद है, सिर्फ उसमें ऑयल की कमी है। ऑयल डालकर स्टार्टर का उपयोग किया जा सकता है। ऐसा करने से मोटर सुरक्षित हो जाएगा।
एक ही नलकूप पर है पूरा लोड
बांसी। कस्बे को एक ही नलकूप से पेयजल आपूर्ति की जा रही है जो काफी पुराना है और इस पर भार भी अधिक है। भार को कम करने के लिए आजादनगर वार्ड में आजाद पार्क के निकट एक अतिरिक्त नलकूप छह माह पूर्व से बनकर तैयार है। पाइप कनेक्ट न होने के कारण इसकी शुरुआत नहीं हो पा रही हैं। लोगों का कहना है कि इस नलकूप के शुरू हो जाने से जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
नलकूप का मोटर बदलकर पेयजल आपूर्ति शुरू किए जाने के लिए सुबह से ही कर्मचारी लगे हुए हैं। जल्द ही आपूर्ति शुरू हो जाएगी। नए नलकूप को शुरू किए जाने के संबंध में उन्होंने बताया कि पाइप से नलकूप को कनेक्ट किए जाने का टेंडर हो चुका है। जल्द ही यह नलकूप शुरू हो जाएगा, जिससे काफी समस्या का समाधान हो जाएगा।
- जय प्रकाश सिंह यादव, अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका बांसी