धेंसा। जोगिया ब्लॉक क्षेत्र के करौंदा नानकार चौराहे से मनोहरी तक जाने वाली दो किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह दो से तीन फीट का गड्ढा हो गया है। इस कारण राहगीरों को काफी दिक्कत होती है। इसी सड़क पर साहा गांव के पश्चिम तरफ जिला पंचायत की ओर से तीन सौ मीटर नाली का निर्माण एक वर्ष पहले करवाया गया था। नाली खुदाई करके मिट्टी सड़क पर डाल दी गई और समय से नहीं हटाई गई। इस कारण बरसात के बाद उक्त रास्ते पर जगह-जगह पानी भर जाता है।
पीडब्ल्यूडी विभाग की सड़क खराब होने के कारण साहा गांव के अंदर से ही चार पहिया व दो पहिया वाहन आते हैं, जिससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। यदि भूलवश उक्त सड़क से कार व अन्य वाहन जाते हैं तो उनके गाड़ी का शॉकर, मोबिल ऑयल चैंबर जमीन में रगड़ कर टूट जाता है। इसी कारण लोग उक्त सड़क को छोड़ कर गांव में होकर जाते हैं। लोगों ने सड़क खराब होने की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने उक्त समस्या के प्रति ध्यान नहीं दिया। इस कारण अहडी़, कड़जहवा, सेबुई, निपनिया, मनोहरी सहित अन्य गांवों के हजारों राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।
ग्राम पंचायत साहा निवासी रमेश चंद्र शुक्ल, सिन्टू विश्वकर्मा मनोहरी निवासी अमर नाथ पांडेय सहित क्षेत्रीय लोगों ने उक्त सड़क के निर्माण की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई लालचंद ने कहा कि जिला पंचायत विभाग की ओर से नाली निर्माण कार्य करवाया गया तथा सड़क पर मिट्टी भी डाल दी गई है। इससे उक्त संपर्क मार्ग खराब हो गया है। जिला पंचायत विभाग को लिखित व मौखिक रूप से मिट्टी हटाने के लिए कहा गया है। 1500 मीटर सड़क जो कि मेरे अधिकार क्षेत्र में है, उसे इस वर्ष कार्य योजना में डालकर नए ढंग से निर्माण कार्य कराने का प्रयास करेंगे।