बांसी। अधिवक्ता पर हुए हमले के आरोपी के गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर कोतवाली का घेराव किया। कस्बे के इंदिरा नगर वार्ड गांगुली निवासी अधिवक्ता फिरोज खान पर रविवार की रात मोहल्ला निवासी फैसल ने जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया था।
इस प्रकरण ने घायल अधिवक्ता फिरोज खान की तहरीर पर सोमवार को मुकदमा पंजीकृत किया था। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश था। इसके बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य प्रकाश त्रिपाठी की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को न्यायिक कार्य से बहिष्कार कर कोतवाली पहुंच गए और कोतवाल बिन्देश्वरी मणि से आरोपी के गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि जिस आरोपी को पुलिस फरार बता रही है वह मोहल्ले में खुलेआम घूम रहा है। इसके बाद कोतवाल ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि वह आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लेंगे। इसके बाद अधिवक्ता कोतवाली से हटे।