सिद्धार्थनगर/लोटन। कोतवाली के स्थानीय कस्बे में नकली की पनीर पाउडर से बनाकर बिक्री करने का मामला सामने आया है। ग्राहकों की शिकायत पर जबतक जिम्मेदार पहुंचे तबतक आरोपी दुकान बंद करके भाग निकला।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने उसे मंगलवार को बुलाया था, लेकिन वह कार्यालय नहीं पहुंचा। अब विभाग नोटिस के साथ उसपर कार्रवाई की तैयारी में है। वहीं, ग्राहक का कहना है कि हमने समय पर सूचना दे दी थी।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव निवासी रमेश कुमार बेटी की शादी के लिए 10 किलो पनीर मंगवाया था। जब पनीर घर पहुंचा तो उन्होंने उसे खोलकर देखा तो मिलावट की आशंका हुई। पता चला पाउडर से बनाया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा आरएल यादव तक सिंथेटिक पनीर की शिकायत पहुंची तो खाद्य सुरक्षा विभाग टीम दुकान पर गई थी।
इस दौरान दुकानदार दुकान को बंद करके जा चुका था। मंगलवार को कार्यालय तलब किए जाने के बावजूद आरोपी दुकानदार हाजिर नहीं हुआ। देवेश मणि त्रिपाठी की शिकायत पर उपजिलाधिकारी सदर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि शादी-विवाह के सीजन में मिलावटखोरों पर सख्त नजर रखी जाए।
यह पहला मामला नहीं है, जब मिलावटी पनीर की सप्लाई की गई हो। इससे पहले भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कई बार मिलावटी पनीर की खेप पकड़ने के साथ इसे नष्ट करवा चुकी है। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागचौरी गांव में तो बीते नवंबर माह में फैक्टरी ही पकड़ी गई थी, जहां पर बड़े पैमाने पर पनीर तैयार कर भेजा जा रहा है। लग्न में मोटी कमाई करने के लिए मिलावट के धंधेबाज कुछ भी खिलाने से परहेज नहीं कर रहे हैं।
परखकर ही पनीर खरीदें, वरना स्वाद के चक्कर में सामने वाले की सेहत बिगड़ गई जाएगी। विशेषज्ञ भी मिलावटी खाने से बचने की सलाह दे रहे हैं।