ककरहवा। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर चार के नन्दनगर गांव के पास अवैध रूप से मिट्टी खनन में संलिप्त मिट्टी लदी दो डंपर को सदर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस की टीम ने बृहस्पतिवार रात को पकड़ लिया।
पकड़े गए डंपर पर एमबी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया गया है। जबकि, खनन में प्रयुक्त जेसीबी को लेकर खनन माफिया मौके से भागने में सफल रहे। एसडीएम सदर कल्याण सिंह मौर्य को बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंंबर चार के नन्दनगर गांव में अवैध रूप से जेसीबी व डंपर लगाकर मिट्टी खनन किया जा रहा है। सूचना पर सदर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व व मोहाना थाना पुलिस ने छापा मारा। जांच टीम को आता देखकर खनन में संलिप्त खनन माफिया जेसीबी लेकर फरार हो गए। टीम ने मौके से मिट्टी लदी दो डंपर पकड़ लिया।
सदर एसडीएम ने पकड़े गये दोनों डंपरों को एमबी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सीज कर मोहाना पुलिस को सौंप दिया है। टीम में नायब तहसीलदार माधुर्य यादव, लेखपाल शिवशंकर यादव, शशांक,प्रदीप, योगेंद्र, मोहाना थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी ककरहवा राकेश त्रिपाठी, आरक्षी सतेंद्र कुमार, अनिल यादव शामिल रहे।