सिद्धार्थनगर। जिले में आयोजित होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शासन की ओर से जारी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से पहले दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा निर्विघ्न संपन्न हो सके।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने पीपीटी के माध्यम से परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों पर निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ अन्य माध्यमों से भी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि की संभावना न रहे। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।