सिद्धार्थनगर। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में सेवारत और सेवानिवृत्त सैनिकों व उनके परिजनों के साथ सैनिक बंधु की बैठक हुई। इसमें उनके भूमि विवाद, पुलिस सहायता, बैंक से ऋण पेंशन संबंधी समस्या, चिकित्सा और आर्थिक सहायता, नवीन गन लाइसेंस संबंधी समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में एक भूतपूर्व सैनिक की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से छवि धूमिल करने के संबंधित प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्राचार्य माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल काॅलेज से दूरभाष पर वार्ता कर मामले का जांच कराने का आदेश दिया। भूतपूर्व सैनिक गिरीश चंद्र पांडेय ने अपनी पैतृक कृषि जमीन का हिस्साकशी कराने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने एसडीएम बांसी से दूरभाष पर वार्ता कर निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। भूतपूर्व नायब सूबेदार जगदंबिका प्रसाद शर्मा ने पूर्व सैनिकों को 15 अगस्त, 26 जनवरी के दिन बुलाकर सम्मानित करने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी की ओर से आवश्यक कार्रवाई कराए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में रोहिनी यादव पुलिस उपाधीक्षक, शशांक शेखर उपजिलाधिकारी (न्यायिक), कैप्टन नरेश शर्मा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, वरिष्ठ सहायक मनीश चंद्र त्रिपाठी एवं अशोक सिंह समेत सात भूतपूर्व सैनिक आश्रित मौजूद रहे।