बढ़नी । नवरात्र, दशहरा को लेकर बढ़नी पुलिस चौकी पर एसडीएम शोहरतगढ़ चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक हुई। एसडीएम ने कहा कि त्योहार में अशांति फैलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। सभी लोग आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
सीओ शोहरतगढ़ अरुणकांत सिंह ने कहा कि मूर्ति पंडालों पर पाॅवर सेफ्टी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। साउंड सिस्टम की ध्वनि 75 डिसेबल से कम होनी चाहिए। प्रत्येक दुर्गा पंडाल समिति का एक सदस्य मूर्ति पंडाल के पास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि खुराफातियों को किसी भी कीमत बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने उन पर पैनी नजर रखने को अपने अधीनस्थों को निर्देशित किया।
उन्होंने लोगों से साफ-सफाई रखने की अपील भी की। एसओ संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कोई नई परंपरा नहीं शुरू की जानी चाहिए। इस दौरान पीएचसी एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी, चौकी प्रभारी सभा शंकर यादव, हल्का लेखपाल सुनील सिंह, राधेश्याम शर्मा, सतीश शर्मा, निजाम अहमद, गणेश अग्रहरि, मनोज पांडेय, विष्णु अग्रहरि, मो. अहमद, ध्रुव चतुर्वेदी, राजू गुप्ता आदि मौजूद रहे।