मिलावटी चायपत्ती के खिलाफ कार्रवाई में सुस्त पड़ा खाद्य सुरक्षा विभाग
सिद्धार्थनगर। मिलावटी चायपत्ती बेचने वालों का पता नहीं चला, मगर जिले में जहरीला चायपत्ती के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सुस्त पड़ गई है। यानी जहरीली चायपत्ती का जिन्न बोतल में बंद हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चायपत्ती के दो नमूने लिए थे, दोनों की रिपोर्ट असुरक्षित आई है। उसके बाद भी विभाग की ओर से चायपत्ती के नमूने लेने की कार्रवाई ढीली पड़ गई है।
जिन दुकानों से मिलावटी चायपत्ती के नमूने लिए गए थे, उन्होंने भी कोई ऐसा सुराग नहीं दिया, जिससे जहरीली चायपत्ती के धंधे के नेटवर्क को तोड़ा जा सके। हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग का दावा है कि अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के दौरान वे चायपत्ती पर नजर बनाए हुए हैं। संदेह होने पर नमूने लिए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चायपत्ती के 50 नमूने लिए थे। 39 नमूनों की रिपोर्ट आई है, जिनमें 20 नमूनों की रिपोर्ट फेल बताई गई है। खाद्य पदार्थ में जो तत्व होने चाहिए, वे इस चायपत्ती में नहीं हैं। असुरक्षित खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। खाद्य सुरक्षा विभाग के लोगों का कहना है कि मिथ्या छाप के मामले में खाद्य पदार्थ के बारे में पूरी जानकारी नहीं होती है।
सेहत के लिए नुकसानदायक है मिलावटी चायपत्ती
डॉक्टरों के अनुसार, मिलावटी चायपत्ती सेहत के लिए काफी नुकसानदायक है। ऐसी चायपत्ती के सेवन से सांस में तकलीफ, सिर में दर्द, चक्कर आना, पेट की दिक्कत सहित गुर्दे में खराबी जैसी तकलीफें हो सकती हैं।
मिठाई, बेसन, दूध और दाल मिलावटी
खाद्य सुरक्षा विभाग के नमूनों की रिपोर्ट के अनुसार, मिठाई, साफ्ट ड्रिंक एवं दूध को मिलावटी पाया गया है। शहर के बेलहिया और बांसी में चायपत्ती के नमूने असुरक्षित पाए गए थे। लुंबिनी रोड, नौगढ़ में रेडी टू सर्व साफ्ट ड्रिंक अधोमानक, स्टेशन रोड तेतरी बाजार में विमल पान मसाला असुरक्षित, स्टेशन रोड तेतरी बाजार में बनारसी आशिक पान मसाला मिथ्या छाप, अशोक तिराहा, नौगढ़ में सोन पापड़ी मिथ्या छाप, रामनगर बांसी में चिक्की मिथ्या छाप, बजहा बाजार शोहरतगढ़ में नमकीन मिथ्या छाप, अगया, रमवापुर कपिलवस्तु में बेसन अधोमानक, कनकटी चौराहा, पथरा बाजार बांसी में बर्फी अधोमानक, असुरक्षित व बाह्य पदार्थ युक्त, इटवा बाजार में बर्फी बाह्य पदार्थ युक्त, प्रतापनगर बांसी में किशमिश मिथ्या छाप, अधोमानक, ककरहवा रोड, मोहाना में छेना मिठाई बाह्य पदार्थ युक्त, बैदौला चौराहा डुमरियागंज में मैंगो ड्रिंग मिथ्या छाप व अधोमानक, बैदौला चौराहा डुमरियागंज में अरहर दाल अधोमानक, पकड़ियहवा बाजार शोहरतगढ़ में नमकीन मिथ्या छाप, गौहनिया चौराहा शोहरतगढ़ में पेड़ा अधोमानक, खुनुवा बाजार शोहरतगढ़ में लीची ड्रिंक मिथ्या छाप, इटवा बढ़नी रोड शोहरतगढ़ लौकी का हलवा बाह्य पदार्थ युक्त, बांसी में मिश्रित दूध अधोमानक, बुढ़ऊ बाजार सिद्धार्थनगर में मैंगो जेली मिथ्या छाप एवं अधोमानक पाई गई।
व्रत में उपयोगी सामान का ले रहे हैं नमूना
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त अनीता सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा के लिए एक टीम बनाई है, जो नवरात्रि व्रत में उपयोगी सामान के नमूने ले रही है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पता चलेगा कि खाद्य पदार्थ कैसे हैं? तीन अक्तूबर तक छापा अभियान जारी रहेगा। टीम ने बुधवार को बांसी में सिंघाड़ा, आटा, चिक्की, कुट्टू आटा सहित पांच सामान का नमूना लिया। जबकि एक दिन पहले बांसी एवं इटवा क्षेत्र में साबूदाना, काजू, देसी घी सहित छह सामान के नमूना लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार यादव, प्रमोद कुमार वर्मा, प्रतिमा उपाध्याय एवं रवींद्र नाथ वर्मा ने नमूने लिए।
त्योहार के सीजन में टीम बनाकर छापा कर कार्रवाई की जा रही है। जिस सामान में संदेह होता है, उसी का नमूना लिया जाता है। इस कारण अधिकतर की रिपोर्ट फेल आती है। चायपत्ती की जांच बंद नहीं हुई है। इधर, मिलावटी चायपत्ती का संदेह नहीं हो रहा है। जैसे ही मिलावटी चायपत्ती होने का शक होगा, वैसे ही नमूने लिए जाएंगे। -अजय कुमार तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी