सिद्धार्थनगर। खेसरहा थाना क्षेत्र के बदुरगहना गांव निवासी सोनम त्रिपाठी ने एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1,17,442 रुपये निकालने का आरोप लगाया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को घोसियारी बाजार स्थित बैंक में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
सोनम के अनुसार, रविवार को वह अपने पिता जनार्दन प्रसाद त्रिपाठी के साथ बांसी गई थीं। रुपये निकालने के लिए वह एक एटीएम केंद्र पर पहुंचीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति वहां आए और मदद करने के बहाने उनका कार्ड ले लिया। आरोप है कि दोनों ने कार्ड बदलकर उन्हें यूनियन बैंक का एटीएम कार्ड थमा दिया।
कुछ देर बाद खाते से रुपये निकलने के संदेश आने लगे। इस पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बृहस्पतिवार को घोसियारी स्थित बैंक पहुंचने पर खाते में रुपये नहीं मिले। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संवाद