तुलसियापुर। कठेला समय माता थाने में शनिवार को समाधान दिवस आयोजित हुआ। अतिक्रमण हटाने में शिथिलता पर डीएम ने नाराजगी जताई और लेखपाल को निलंबित करने की चेतावनी दी। कानूनगो को भी कार्रवाई की हिदायत दी।
कठेला गर्वी के विजय बहादुर यादव ने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत की। डीएम ने हल्का लेखपाल जितेंद्र यादव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। मधुनगगर के इब्राहिम ने भी पक्की पैमाइश नहीं करने की लेखपाल की शिकायत की। डीएम ने लेखपाल को एक सप्ताह का समय दिया। इसके बाद कार्य नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी दी। इटवा तहसील के मैनिहवा की सुमित्रा ने विपक्षी पर उसके निर्माणाधीन घर की छत लगाने से रोकने का आरोप लगाया।
डीएम ने एसडीएम कल्याण सिंह मौर्य को मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। इसी मामले में पार्वती व कंशराम ने भी एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर दी। कठेला बाजार के त्रिवेनी उर्फ फकीरी ने राजस्व निरीक्षक व लेखपाल पर पक्की पैमाइश न करने का आरोप लगाया।