तहसील क्षेत्र में स्थित रंगरेजपुर में मिनी औद्योगिक केंद्र के भूमि की पैमाइश का था मामला
संवाद न्यूज़ एजेंसी
डुमरियागंज। शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने, अनुशासनहीनता और अपने सीनियर कर्मचारी से दुर्व्यवहार के आरोप में डुमरियागंज के एक लेखपाल को एसडीएम ने निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार डुमरियागंज तहसील में राजस्व विभाग में आए दिन लेखपालों के मनमानी, कार्यों में लापरवाही व भ्रष्टाचार की शिकायतें हो रही थी। ग्राम रंगरेजपुर में मिनी औद्योगिक केंद्र के भूमि की पैमाइश करने के लिए तहसीलदार डा. संतराज सिंह बघेल के नेतृत्व में सर्किल के कानूनगो और हल्का लेखपाल को भेजा गया था। लेकिन लेखपाल पैमाइश के लिए नहीं गए। जब सर्किल के कानूनगो ने कारण जानना चाहा तो लेखपाल अमित कुमार कानूनगो से उलझ और अभद्रता करने लगा। इसके बाद मामला एसडीएम तक पहुंचा। जिस पर सख्त रूप अख्तियार करते हुए एसडीम डॉ. संजीव दीक्षित ने लेखपाल अमित कुमार द्वारा शासकीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता व अपने वरिष्ठ से दुर्व्यवहार करने के कारण निलंबित कर दिया गया।
इस संबंध में डुमरियागंज एसडीएम डॉक्टर संजीव दीक्षित ने बताया कि अनुशासनहीनता और लापरवाही बरतने वाले लेखपाल को निलंबित किया गया है। जनहित के कार्यों में रुचि न लेने वाले और अपनी जिम्मेदारियां के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।