ट्रैक्टर की चपेट में आई बाइक, एक की मौत
सवार घायल, गोल्हौरा थाना क्षेत्र के महुआ गांव के पास हुआ हादसा
बस्ती जिला अस्पताल ले जाते समय बाइक सवार सोनू ने तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
गोल्हौरा। थाना क्षेत्र के इटवा-बांसी मार्ग पर स्थित महुआ पेट्रोलपंप के पास ट्रैक्टर की बाइक से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे बांसी से बस्ती जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
इटवा थाना क्षेत्र के सगराजोत गांव निवासी सोनू (24) पुत्र राजू चौहान व बाबू भाई (22) सोमवार सुबह एक ही बाइक से बांसी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह गोल्हौरा थाना क्षेत्र के महुआ पेट्रोलपंप के पास पहुंचे थे कि एक ट्रैक्टर की चपेट में बाइक आ गई। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने दोनों को घायल अवस्था में बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस्ती अस्पताल में पहुंचने पर दोनों में से एक सोनू की मौत हो गई। जबकि दूसरे का इलाज चल रहा है। इस संबंध में एसओ गोल्हौरा महेंद्र चौहान ने बताया कि घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।