रामकोला। थाना क्षेत्र के रामकोला-पडरौना हाईवे पर शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं लगाया था।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर टोला भरसा खाड़ निवासी 22 वर्षीय विकास गोंड बाइक से किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर में जैसे ही वह मेहदीगंज से आगे स्थित गिट्टी प्लांट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और चालक दोनों ट्रैक्टर के नीचे जा घुसे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची रामकोला पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। हालांकि गंभीर रूप से घायल विकास गोंड ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।